मुरादाबाद। शहर के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। आईपीएल की तर्ज पर खेले जाने वाले यूपी टी-20 लीग का तीसरा संस्करण 17 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस बार लीग में शहर के आठ खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे। इन दिनों सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के कैंप में दिन-रात पसीना बहा रहे हैं।
इस बार लीग में शहर के जो आठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनमें उवैश अहमद, प्रियांशु गौतम, मोहसिन खान, आर्यन जुयाल, शिवम शर्मा, शिवा सिंह, पर्व सिंह और अक्षु बाजवा शामिल हैं। इनमें से उवैश और प्रियांशु को इस सीजन के लिए नई फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीम के साथ जोड़ा है जबकि बाकी खिलाड़ियों को उनकी फ्रेंचाइजी ने इस बार रिटेन किया है।
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में लगे कैंप में हिस्सा ले रहे शहर के एक क्रिकेटर ने बताया कि सुबह सूरज निकलने से पहले फिटनेस ड्रिल, उसके बाद नेट प्रैक्टिस और शाम को प्रैक्टिस मैच कराया जा रहा है। हर खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने और खुद के बेहतरीन प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। कोच और ट्रेनिंग स्टाफ खिलाड़ियों को पिच की परिस्थितियों के हिसाब से तैयार कर रहे हैं साथ ही बल्लेबाजों को तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी से निपटने की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
00
- पिछली बार किया था शानदार प्रदर्शन
लीग के पिछले संस्करण में शहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ी थी। इसमें शमी अहमद, पीयूष चावला, आर्यन जुयाल, उवैश अहमद और शिवा सिंह ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। तेज गेंदबाज मोहसिन खान 11 मैच में 15 विकेट हासिल कर लीग के पांचवें सबसे सफल गेंदबाज बने थे। वहीं आर्यन जुयाल ने नाबाद 104 रन की पारी खेल टीम को शानदार जीत दिलाई थी और लीग में सबसे अच्छी एवरेज से रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे।
00
- किस टीम से खेलेंगे खिलाड़ी
खिलाड़ी - टीम
उवैश अहमद - काशी रुद्रास
प्रियांशु गौतम - कानपुर सुपर स्टार
मोहसिन खान - कानपुर सुपर स्टार
आर्यन जुयाल - गौर गोरखपुर लायंस
शिवम शर्मा - गौर गोरखपुर लायंस
शिवा सिंह - काशी रुद्रास
पर्व सिंह - लखनऊ फाल्कंस
अक्षु बाजवा - लखनऊ फाल्कंस