कांठ। चौड़ीकरण में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग ऊंचा और साइड की पटरी गहरी होने से ई-रिक्शा पलट गया। जिससे सड़क किनारे खड़े कई लोग बाल-बाल बच गए। नगर में ऊंची सड़क और गहरी साइड पटरी लोगों के लिए दिन पर दिन मुसीबत बनती जा रही है।
पिछले दिनों कांठ नगर में लोक निर्माण विभाग ने मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग के चौड़ीकरण का काम कराया है, हालांकि अभी काम पूरा नहीं हुआ है और अधर में लटका है। लेकिन जहां-जहां मार्ग का चौड़ीकरण हो गया है, वहां यह काफी ऊंचा होने से दोनों ओर की साइड पटरी (फुटपाथ) काफी गहरी हो गई है, जो अब दिन पर दिन लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। मार्ग के ऊंचा और साइड गहरी होने से जहां ई-रिक्शा पलट रहे हैं तो वहीं बाइकें आदि भी फिसल रहीं हैं, जिससे लोग घायल भी हो चुके हैं। नगर में पेट्रोल पंप तिराहे पर हर रोज कोई न कोई हादसा हो रहा है। शनिवार को भी यहां मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग से नीचे उतर रहे रामलीला रोड के मोड़ पर एक ई-रिक्शा पलट गया। गनीमत नहीं कि सड़क किनारे खड़े कई लोग बाल-बाल बच गए। नगर निवासी राजकुमार सिंह, अंकित शर्मा, देवराज सिंह, भूरा, सोनू आदि ने हादसों को रोकने के लिए साइड पटरी को मार्ग के लेबल में कराने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम का कहना है कि जल्द ही दोनों ओर की साइड पटरियों को ऊंचा करके बनवाया जाएगा।