मुरादाबाद। सोनकपुर पुल पर शुक्रवार की रात डंपर चालक से राज कुमार और जोनी त्यागी ने शिकायत की तो भड़क गया। डंपर से उतर कर बोला कि अगर पहले से पता होता कि कार में तुम दोनों हो तो कार के साथ तुम्हें भी कुचल देता। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसी बीच आरोपी ने राज कुमार और जोनी त्यागी को कुचल दिया था। इसके बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग गया था।
मझोला क्षेत्र में सोनकपुर पुल पर जिस वक्त मो. शाकिर और राज कुमार के बीच विवाद हो रहा था। उस वक्त मऊ निवासी जितेंद्र कुमार और मुकेश कुमार भी गुजर रहे थे। विवाद होता देख दोनों वहीं रुक गए। जितेंद्र और मुकेश ने पुलिस को बताया कि मो. शाकिर और उमर राज कुमार और उनके साथी जोनी त्यागी को धमका रहे थे। कह रहे थे कि अगर जिंदगी चाहते तो यहां से चले जाओ। किसी तरह मुकेश और जितेंद्र ने विवाद खत्म कराया। इसके बाद सभी वहां से जाने लगे। इसी दौरान मो. शाकिर ने राज कुमार और जोनी त्यागी को डंपर से कुचल दिया और मौके से भाग गया जितेंद्र और मुकेश ने इसकी जानकारी पुलिस और राज कुमार के परिवार को दी।
-
दस मिनट पहले ही पत्नी से की फोन पर बात
मुरादाबाद। राज कुमार के परिवार में पत्नी दीपा, तीन बच्चे मयंक, गरिमा, लक्ष्य हैं। घटना से दस मिनट पहले ही बुद्धि विहार से निकले समय राज कुमार ने अपनी पत्नी दीपा को कॉल की और कहा कि वह दस मिनट में घर पहुंच जाएगा। घर आकर ही खाना खाएगा लेकिन मिनट मिनट में राज कुमार तो घर नहीं पहुंचे। एक फोन कॉल ने पूरे परिवार को गम में डूबा दिया। इस कॉल ही पता चला कि राज कुमार की मृत्यु हो चुकी है।
तीन बहनों के इकलौते भाई थे राज कुमार
मुरादबाद। राज कुमार तीनों बहनों के इकलौते भाई थे। बड़ी बहन राज कुमारी अविवाहित है जबकि पूनम और कंचन की शादी हो चुकी है। भाई की मौत से पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
सोनकपुर पुल से रात भर गुजरते हैं डंपर
मुरादाबाद। सोनकपुर पुल से रात डंपर गुजरते हैं। जिस कारण आये दिन इस पुल पर हादसे होते रहते हैं। कुछ दिन पहले ही बाइक सवार युवक को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई थी। यह डंपर बालू लेकर सोनकपुर पुल से गुजरकर बुद्धि विहार, खुशहालपुर और नया मुरादाबाद तक पहुंचते हैं। इसके अलावा रिंग रोड निर्माण में बालू डाली जा रही है। पुल हिमगिरी से निकलकर हरथला और मऊ होते हुए महलकपुर नियामतपुर इकरौरिया, मोहम्मदपुर, काजीपुरा तक चल रहे हैं।