क्षेत्र में एक ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज जिला पंचायत सदस्य और एक लाइनमैन की बताई जा रही है। वायरल ऑडियो में जिला पंचायत सदस्य लाइनमैन से कहते हैं कि अधिकारी मत बन, तेरी गर्दन मरोड़ दूंगा। लाइनमैन ने जिला पंचायत सदस्य से जान को खतरा बताया है, जबकि जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि रास्ते में लाइनमैन व उसके भाइयों ने उनको रोकने की कोशिश की।
कुदैनी गांव निवासी धर्मपाल सिंह वार्ड-12 से जिला पंचायत सदस्य हैं। उनके गांव को मोहम्मदाबाद बिजलीघर से बिजली लाइन जा रही है। जिससे गांव रोशन होता है। पड़ोसी गांव कुदैना निवासी लोकेश मोहम्मदाबाद बिजलीघर पर लाइनमैन है। क्षेत्र में एक ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में वार्ड-12 से जिला पंचायत सदस्य धर्मपाल सिंह ने मोहम्मदाबाद से कुदैनी जा रही लाइन के जंफर को जोड़ रहे लाइनमैन राजवीर को फोन किया। राजवीर से वह गांव में बिजली नहीं आने की बात कह जल्द जंफर जोड़ने को कहते हैं। साथ ही कह रहे हैं कि कुदैना वाला लड़का कहां है। राजवीर लोकेश को अपने साथ होने की बात कहता है। धर्मपाल सिंह के कहने पर राजवीर उनकी लोकेश से बात कराता है। ऑडियो में धर्मपाल सिंह कह रहे हैं कि लाइनमैन लोकेश ने उनका फोन ब्लैक लिस्ट में क्यों डाल दिया। इसके बाद दोनों तरफ से गाली-गलौज शुरू हो जाती है। इस बीच धर्मपाल सिंह कहते हैं कि बड़ा अधिकारी बन रहा है। तेरी गर्दन मरोड़ दूंगा। वहीं लाइनमैन लोकेश भी उनको घर के सामने कर निकलने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता है।
जिला पंचायत सदस्य धर्मपाल सिंह का आरोप है कि वह घर जा रहे थे। उनका रास्ता लाइनमैन के घर के आगे से है। लाइनमैन व उसके भाई अवैध हथियार लेकर खड़े थे। दबंगों ने उनको आवाज भी लगाई, मगर अकेला होने के कारण वह रुके नहीं और गांव चले गए। लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। उधर लाइनमैन ने भी जिला पंचायत सदस्य से खुद की जान को खतरा बताया है। थाना प्रभारी अरिहंत सिद्धार्थ का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।