ठाकुरद्वारा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने एसडीएच इंटर कॉलेज में वरिष्ठ शिक्षक अनुज कुमार गुप्ता को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।
बृहस्पतिवार को अनुज कुमार गुप्ता ने अपने कार्यालय के बाहर बैठकर काम किया। उनके कार्यालय पर ताला लगा हुआ था। प्रबंधक उमेश चंद्र अग्रवाल द्वारा नियुक्त प्रधानाचार्य बृजेश कुमार के कार्यालय पर भी ताला लटका था। यह विवाद कॉलेज में करीब 25 दिन से चल रहा है। प्रबंधक उमेश चंद्र अग्रवाल ने अनुज कुमार गुप्ता को हटाकर बृजेश कुमार को कॉलेज का प्रधानाचार्य बना दिया था। अनुज गुप्ता ने सात नवंबर को समाधान दिवस में जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने इस मामले का निस्तारण करने के आदेश डीआईओएस को दिए थे।
इसके बाद डीआईओएस ने अनुज गुप्ता को वरिष्ठेता के आधार पर प्रधानाचार्य का कार्यभार देखने के लिए लिखित आदेश दिए। अनुज गुप्ता ने डीआईओएस के हवाले से एसडीएम से ताले हटवाने की मांग की है। एसडीएम अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि सहायक निबंधक ने उन्हें प्रबंध समिति विवाद निस्तारण का मामला भेजा है। उन्होंने जांच के लिए अपनी कोर्ट में मामला दर्ज कर दोनों पक्षों को नोटिस जारी किए हैं। डीआईओएस ने अगली सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को 28 नवंबर को अपने कार्यालय में बुलाया है।