मेडिकल कारोबारी को लूटने वाला बदमाश पकड़ा गया
- छह माह पहले मुरादाबाद में मेडिकल कारोबारी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने की थी लूट
- लूट के इस मामले में एक बदमाश पहले ही जेल जा चुका है, जबकि तीसरा फरार है
संवाद न्यूज एजेंसी
पाकबड़ा। नया मुरादाबाद कॉलोनी में दवा कारोबारी से छह माह पहले हुई लूट के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक और बदमाश को गिरफ्तार किया है। लूट के इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अभी भी एक बदमाश पुलिस के पकड़ से दूर है।
नया मुरादाबाद की सुपरटेक सोसाइटी में रहने वाले प्रमोद श्रीवास्तव दवा कारोबारी हैं। उनका मेडिकल स्टोर नया मुरादाबाद में बीएसपी कार्यलय पास है। मेडिकल स्टोर पर 7 दिसंबर 2021 को बाइक सवार तीन बदमाशों ने प्रमोद श्रीवास्तव से तमंचे के बल लाखों रुपये लूट लिए थे। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को पाकबड़ा पुलिस ने लूट की घटना में शामिल शोभित सिंघल उर्फ बनिया निवासी मोहल्ला विहरीपुर डाल थाना कोतवाली जनपद बरेली को गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में पाकबड़ा के शनिवार का बाजार निवासी शोएब अख्तर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में अभी तीसरा बदमाश शिव कुमार उर्फ शिवा निवासी मोहल्ला गुलडिया रजकुल थाना इज्जतनगर जनपद बरेली फरार है। एसएसआई उमा शंकर सिंह ने बताया कि शिवकुमार उर्फ शिवा की तलाश की जा रही है।