नर्स से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी सिपाही ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
डिलारी थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने थाने में एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। जिसमें युवती ने बताया था कि आरोपी ने अपना नाम और धर्म छिपाकर उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। पीड़ित युवती सिविल लाइंस क्षेत्र में रहकर एक निजी अस्पताल में नौकरी कर रही थी। इस मामले की जानकारी करने के लिए इंटेलीजेंस में तैनात रहे सिपाही राघवेंद्र सिंह युवती के घर पहुंचा था। आरोप है कि सिपाही ने युवती को तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में युवती ने सिविल लाइंस थाने में बरेली के सुभाषनगर बग्गा कालोनी गेट, गंगा नगर निवासी सिपाही राघवेंद्र सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद से आरोपी सिपाही फरार चल रह था, पुलिस ने उसकी तलाश में बरेली उसके घर भी दबिश दी थी, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार रहीं कर पाई थी। आरोपी ने जमानत के लिए अर्जी भी लगाई थी। आरोपी की अर्जी कोर्ट ने खारिज हो गई थी। शुक्रवार को आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।