मुरादाबाद। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कर्तव्यपथ पर होने वाली परेड में मुरादाबाद के एनसीसी कैडेट्स जिले का मान बढ़ाएंगे। परेड, प्रधानमंत्री की रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए दो छात्रों का चयन हुआ है। कैडेट्स का कहना है कि इस पल के लिए वह पिछले छह महीने से कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
परेड के लिए यूपी डायरेक्टरेट के लिए मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज के दो छात्र मधुप कृष्ण शर्मा और अमन द्विवेदी का चयन हुआ है। अमन का चयन ड्रिल के लिए हुआ है तो वहीं मधुप कृष्ण शर्मा का सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। लाइनपार निवासी और हिंदू कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र अमन द्विवेदी ने बताया कि बटालियन स्तर से लेकर आईजीसी नोएडा में हुई प्रतियोगिता के बाद चयन हुआ है। इसके लिए वह प्रतिदिन सुबह चार बजे जग जाते थे और पांच घंटे से अधिक समय तक परेड करते थे।
उन्होंने कहा कि मेरा सपना सेना में जाने का है। मेरे परिवार से सेना में कोई नहीं है। मेरा मानना है कि हर परिवार से एक सदस्य सेना में जरूर होना चाहिए। इससे देश के प्रति त्याग और समर्पण की भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि मेरे पापा सत्यप्रकाश द्विवेदी जिला अस्पताल में नौकरी करते हैं। 26 जनवरी को होने वाली परेड को देखने के लिए परिजन भी पहुंचेंगे।
हिंदू कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र मधुप कृष्ण शर्मा ने बताया कि वह समूह नृत्य और समूह गायन में मुख्य गायक हैं। वह हम पर प्रहार करने वाले चिंता कर अपने प्राणों की गाने की प्रस्तुति देंगे। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में खुशियां मनाओ सब मिलकर रामजी आए हैं गाना गाएंगे। 27 जनवरी को प्रधानमंत्री की रैली में मार्च करेंगे।
मधुप ने बताया कि मेरे ताऊजी सेना में मेजर थे। उनसे मुझे सेना में जाने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से सिर्फ चार घंटे की नींद ही ले पाते हैं, क्योंकि सुबह छह बजे से अभ्यास शुरू होता है, वह रात को दो बजे तक चलता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम के साथ अनुशासन बहुत जरूरी है। इसके बाद ही अपने लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। मधुप ने बताया कि मेरे पिताजी दिनेश नंदन शर्मा धर्मगुरु रहे हैं, जबकि एक भाई कपिल मुनि कथावाचक हैं।
-
राजीव चौहान को मिलेगा पुरस्कार
मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज के एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. राजीव चौहान को डायरेक्टर जनरल एनसीसी, नई दिल्ली द्वारा डीजी एनसीसी प्रशंसा पत्र एवं मेडल-2024 के लिए चयनित किया गया है। गणतंत्र दिवस पर यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश के कंटिजेंट कमांडर को सौंपा जाएगा। इसके बाद एडीजी उत्तर प्रदेश द्वारा यह सम्मान कैप्टन (डॉ.) राजीव चौहान को दिया जाएगा। राजीव चौहान ने बताया कि उत्तर-प्रदेश डायरेक्टरेट से दो एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एक महिला और एक पुरुष) का चयन किया गया है। इस अवाॅर्ड के लिए मेरा चयन होना मेरे लिए गर्व का विषय है। ब्यूरो