फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: भारत के चैंपियन बनने पर जश्न में डूबा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में रवींद्र जडेजा के विजयी चौके के साथ ही पीतलनगरी का आसमान आतिशबाजी से रंगीन हो गया। शहर के विभिन्न इलाकों में जमकर आतिशबाजी हुई और होली से पहले पूरे शहर में दिवाली सा माहौल दिखाई दिया। सिविल लाइंस, मानसरोवर कॉलोनी, रामगंगा विहार, दीनदयालनगर, बुद्धि विहार, जिगर कॉलोनी, बुध बाजार आदि इलाकों में लोग सड़कों पर निकलकर थिरकते हुए नजर आए। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
विज्ञापन

रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण लोग अपने घर में ही टीवी से चिपके रहे। ऐतिहासिक मैच का गवाह बनने को हर कोई बेताब दिखा। शहर में मैच शुरू होने से पहले ही कई स्थानों पर हवन, प्रार्थना और दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया था। मैच में उतार-चढ़ाव के बावजूद लोग भारत की जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। आखिर में जब टीम को जीत मिली तो शहर में देर रात तक जश्न मनाया गया। दीनदयालनगर में मैच देख रहे राजीव गुप्ता ने कहा कि टीम इंडिया ही चैंपियन बनने की असल हकदार थी। टीम टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए चैंपियन बनी है, इससे खुशी और भी अधिक है।
सिविल लाइंस में तरावीह की नमाज पढ़कर निकले युवाओं ने भी टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। हाथ में तिरंगा लिए सैकड़ों युवाओं ने जीत की खुशी मनाई। भारत-न्यूजीलैंड के इस फाइनल मैच का क्रेज शहरवासियों पर इस कदर हावी रहा कि रेहड़ी-पटरी के दुकानदार भी मोबाइल में मैच देखते हुए नजर आए। शहर में कई स्थानों पर मैच जीतने के लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई थीं। हालांकि, मो. शमी का प्रदर्शन अच्छा न रहने से शहरवासियों को निराशा हुई। टीम इंडिया की जीत की खुशी में कई संगठनों की ओर से मिठाइयां भी बांटी गईं। -
विज्ञापन


- मैच में उतार-चढ़ाव भले रहा हो लेकिन हर किसी को यकीन था कि भारत ही चैंपियन बनेगा। रोहित शर्मा ने जिस तरह पारी की शुरुआत की उससे यकीन और मजबूत हो गया। विराट के विकेट से दिल जरूर टूटा लेकिन टीम चैंपियन बनी और चैंपियन खिलाड़ियों की बदौलत ही बनी। मेरे पास खुशी जाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं। - विजय गुप्ता, पूर्व रणजी खिलाड़ी

- टीम के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी कर जीत की नींव रख दी थी। इसके बाद रोहित शर्मा ने आतिशी शुरुआत देकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इसके बाद मैच आसान हो गया और केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने समझदारी से विकेट बचाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। नौ महीने के भीतर दूसरी आईसीसी ट्रॉफी से हर कोई गदगद है। - बदरुद्दीन सिद्दीकी, क्रिकेट कोच

- वाह, क्या मैच था। टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन की तरह खेलती नजर आई। बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने अपने-अपने हिस्से का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह जीत हमेशा याद रहेगी। - मिर्जा दानिश आलम, क्रिकेट कोच

महिलाओं ने गुलाल लगाकर दी बधाई
भारतीय टीम की जीत की खुशी में बुद्धि विहार सेक्टर-2 में स्थित गायत्री पार्क में बड़ी संख्या में महिलाओं ने जश्न मनाया। महिलाओं ने तिरंगा लहराते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाया और टीम इंडिया की जीत की एक-दूसरे को बधाई दी। इसके साथ ही सभी को मिठाई बांटी गई और आतिशबाजी भी की गई। इस मौके पर प्रियंका गर्ग, तारा, निधि, रंजन, सुनीता, प्रियांशी, रचना, इरा, शेफाली और आभा गौर आदि मौजूद रहीं।



भारत की जीत के लिए किया हवन
दीनदयाल नगर में स्थित श्री शिव दुर्गा संकट मोचन मंदिर में भारत-न्यूजीलैंड के मैच से पहले भारतीय टीम की जीत के लिए हवन किया गया। हवन में मौजूद लोगों ने आहुतियां डालकर भारत की जीत की प्रार्थना की। इस दौरान चक दे इंडिया और भारत माता की जय के जयकारे भी गूंजते रहे। मौके पर मौजूद बच्चों ने विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के फोटो लेकर भगवान से भारत की जीत की प्रार्थना की। हवन में शामिल मीना सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारतीय टीम ही चैंपियन बनेगी। इस माैके पर अंजू, शोभित गुप्ता, राजीव गुप्ता, गीता दल, छैला कपूर, सुशील दुबे, सोनिया, मीनाक्षी गुप्ता, मोनिका और सीमा गुलाटी आदि मौजूद रहीं।
-

भारत की जीत के लिए मांगी दुआ
मानपुर नई सड़क मस्जिद में भी भारत की जीत की दुआ की गई। बड़ी संख्या में रोजा रखकर युवाओं ने भारत की जीत के लिए रब की बारगाह में दुआ की। नदीप प्रधान, तनवीर हैदर, फैज अंसारी, मो. आरिफ, फवाज हाजी असद और फैज समेत कई लोगों ने रोजा खोलने से पहले भारत की जीत की दुआ की। युवाओं ने कहा कि भारतीय टीम ही चैंपियन बनने की असली हकदार है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में तिरंगा लहराया है और अब चैंपियन भी बनेगी।


शिवसैनिकों ने भी की आतिशबाजी
भारतीय टीम के चैंपियन बनने पर शिवसेना के सदस्यों ने भी आतिशबाजी की। पार्टी के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पटाखे फोड़े। इस मौके पर अरुण ठाकुर, शिबू पांडेय, उमेश ठाकुर, आकाश, राहुल कुमार, विक्की कश्यप, प्रदीप, पंकज पाल, दीपक सक्सेना, टिंकू सैनी समेत कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें