मुरादाबाद। शहर में रामलीला की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंचने लगी हैं। कहीं मंच का ढांचा तैयार हो रहा है तो कहीं रोशनी, साउंड और साज-सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दसवां घाट पर रामगंगा के तट पर होने वाला अनूठा केवट संवाद और 40 फीट ऊंचा रावण का पुतला इस बार रामलीला के प्रमुख आकर्षण होंगे। वहीं लाजपत नगर की रामलीला में करीब आठ लाख रुपये खर्च कर 25 कलाकारों के मंचन की तैयारी है। शहर के करीब चार प्रमुख स्थानों पर रामलीला का मंचन किया जाएगा। लाइनपार रामलीला मैदान में मंच तैयार किया जा रहा है। कारीगर ढांचा तैयार करने में जुटे हैं। दर्शकों के बैठने, प्रकाश, साउंड और सुरक्षा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां पांच अक्तूबर से रामलीला शुरू होने की तैयारी है।
00
लाजपत नगर में आठ लाख का बजट, 25 कलाकार आएंगे
-लाजपत नगर रामलीला मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के मंत्री श्याम कृष्ण रस्तोगी ने बताया कि आयोजन पर करीब आठ लाख रुपये खर्च होंगे। इनमें करीब 4.50 लाख रुपये कलाकारों पर खर्च किए जाएंगे। इस बार 25 कलाकार रामलीला मंचन के लिए आएंगे। मैदान में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।
00
रामगंगा के तट पर सजीव होगा केवट संवाद
प्राचीन श्री रामलीला कमेटी के अनुसार, दसवां घाट की रामलीला का शुभारंभ नौ अक्तूबर को मुकुट पूजन और श्री गणेशजी की शोभायात्रा के साथ होगा। बैंडबाजे के साथ शोभायात्रा रात आठ बजे श्री 84 घंटा मंदिर से रामलीला स्थल के लिए रवाना होगी। मंचन प्रतिदिन रात 8:30 बजे से शुरू होगा। दसवां घाट की रामलीला का सबसे खास आकर्षण रामगंगा के तट पर होने वाला केवट संवाद है। इसमें केवट समाज के लोग प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ इस प्रसंग का सजीव मंचन करते हैं। केवट प्रभु श्रीराम के पैर पखारकर उन्हें नाव में बैठाता है और रामगंगा पार कराता है। इसके बाद रामगंगा के तट पर वापस लाकर केवट समुदाय के लोग श्रीराम, सीता और लक्ष्मण को कंधों पर बैठाकर मंच स्थल तक लेकर जाते हैं। इस दौरान श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो जाता है।
00
रात में चमकेंगी रावण की आंखें
प्राचीन श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष यथार्थ किशोर, संरक्षक छत्रपाल सिंह एडवोकेट, महामंत्री आदित्यवीर शास्त्री और प्रवक्ता धर्मेंद्र यादव ने बताया कि इस बार रामलीला स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रामलीला मुरादाबाद शैली में होगी। वीरा कला मंच के राजकुमार और दीपक के निर्देशन में कलाकार मंचन करेंगे। इस बार 40 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जाएगा। उसकी आंखें स्वचालित होंगी और रेडियम से बनाई जाएंगी, जो रात में चमकेंगी। कमेटी ने रामलीला स्थल की ओर आने वाली सड़कों पर सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग नगर निगम और पुलिस प्रशासन से की है।