मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर में दबंग ने पहले कार से फैक्टरी के गेट पर टक्कर मारी। विरोध करने पर अपने साथियों संग फैक्टरी मालिक सहित दो लोगों के साथ मारपीट की। पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
काजीपुरा निवासी कपिल देव सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 23 जनवरी की सुबह साढ़े आठ बजे वह आकाश चौधरी के साथ लोधीपुर स्थित अपने खेत से घर जा रहे थे। लोधीपुर में ही वह अपने भतीजे अभय चौधरी की गोरी एक्सपोर्ट फैक्टरी के सामने पहुंचे। इसी समय सिविल लाइंस के बिसनपुर निवासी शमी ने अपनी कार से फैक्टरी के गेट पर टक्कर मार दी। इस दौरान फैक्टरी का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद उन्होंने अपने साथी आकाश चौधरी के साथ शमी से सवाल किया तो वह गुस्से में आ गया। शमी और कार में बैठे उसके तीन साथियों ने गाली गलौज की। विरोध करने पर चारों लोगों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। इस मामले में पुलिस ने शमी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि विवेचना के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।