मूल रूप से बिहार के मुधबनी जनपद के नगनिया की रहने वाली करुणा विश्वकर्मा टीएमयू में बीटेक मेकेनिकल प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को वह परीक्षा देने गई थी। परीक्षा देने के बाद 11.30 बजे कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर टहलने लगी थी। इस दौरान उसने अपनी रूम पार्टनर और दोस्त आयुषी को फोन करके कहा-मैं तेरे लिए एक गिफ्ट छोड़ कर आई हूं। आयुषी ने जब कमरे में देखा तो वहां करुणा का सुसाइड नोट मिला था। जब तक आयुषी यह जानकारी विश्वविद्यालय प्रबंधन को देती, तब तक करुणा पांचवीं मंजिल से कूद चुकी थी। करीब साढ़े 6 घंटे उपचार के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर दिल्ली में रहने वाली करुणा की बुआ और फुफेरा भाई मुरादाबाद पहुंच गया था। शनिवार को पुलिस ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिससे पता चला कि छात्रा के सिर, पैर, हाथ और पीठ की हड्डियां टूट गई थी। जिससे अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हुई थी। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि परिवार की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।