बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में आगामी 26 नवंबर को विधि दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में तहसील के वरिष्ठ वकीलों को विधि रत्न सम्मान दिए जाने पर सहमति बनी। कार्यक्रम सफल बनाने के लिए बार पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी गई।
शुक्रवार दोपहर तहसील परिसर में हुई बार कार्यकारिणी की बैठक में बताया कि बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी तहसील बार एसोसिएशन की ओर से आगामी 26 नवंबर को विधि दिवस मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम बार एसोसिएशन के सभा कक्ष में आयोजित होगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ विधिवेत्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को खास तौर से बुलाया जाएगा। तहसील बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के अध्यक्ष कमाल अकबर और सचिव रामकुंवर सिंह यादव आदि को विधि रत्न सम्मान दिया जाएगा। बार एसोसिएशन के कई पूर्व अध्यक्षों को भी सम्मानित किए जाने पर सहमति बनी है।
तहसील बार एसोसिएशन के जिन सदस्यों का प्रदेश बार काउंसिल प्रयागराज से वर्ष 2011 और 2012 में पंजीकरण हुआ है। उन सभी की ओर से बार एसोसिएशन कार्यालय में आवेदन करने पर उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अधिवक्ता एकता पर जोर दिया गया और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू किए जाने की मांग दोहराई गई। बैठक की अध्यक्षता तहसील बार एसोसिएशन के संरक्षक भगवान सरन माथुर और संचालन तहसील बार महासचिव चौधरी परमजीत सिंह ने किया। बैठक में बार के पूर्व अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह, चौधरी अनोद कुमार, सौरभ चौधरी, सुनील कुमार, जबर सिंह, विजयवीर सिंह, विशन सिंह, मनोहर सिंह मौर्य, मोहित सिंह, फहीमुद्दीन आदि बार पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।