मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र स्थित मंदिर में प्रसाद चढ़ाने गईं चाची भतीजी की सोने की चेन चोरी उड़ा ली गईं। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें एक महिला चेन तोड़ती दिख रही हैं।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के बूजपुर गांव स्थित मंदिर में सोमवार को रामपुर नगर निवासी दिनेश कुमार अपने परिवार के साथ प्रसाद चढ़ाने आए थे। दिनेश के साथ उनकी पत्नी सावित्री भी दर्शन करने आई थी। सावित्री ने बताया कि दर्शन करने के बाद वह मंदिर से बाहर आने लगी तभी कुछ महिलाएं आ गईं। वह धक्कामुक्की करने लगीं। इसी बीच एक महिला ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। सावित्री ने शोर मचाया, लेकिन तब तक चेन छीनने वाली महिलाएं गायब हो चुकी थीं। इसी बीच पता चला कि रामपुर निवासी सुरेश की पत्नी निधि कुमारी की भी चेन तोड़ उड़ा ली गई है। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।