फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

301 दिन का इंतजार हुआ खत्म, दो घंटे 34 मिनट के सफर के बाद मुरादाबाद पहुंची वैक्सीन

विज्ञापन
बरेली से मुरादाबाद पहुंची कोरोना वैक्सीन। - फोटो : CITY
विज्ञापन
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण काल में बेसब्री से हो रहे वैक्सीन का इंतजार मुरादाबाद में 301वें दिन पूरा हुआ। गुरुवार शाम पांच बजकर 20 मिनट पर पांच सदस्यीय टीम बरेली से कोवीशील्ड वैक्सीन की 22 हजार 950 डोज लेकर मुरादाबाद पहुंची। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय में बने कोल्ड चेन स्टोर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग और अन्य चिकित्सा अधिकारी ने डोज का स्वागत किया। सीएमओ के अनुसार 16 जनवरी को छह केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
विज्ञापन

गुरुवार सुबह ही पांच सदस्यीय टीम वैक्सीन की डोज लेने के लिए बरेली पहुंच गई थी। वहां पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य बरेली और इंचार्ज डॉ. टीपी सिंह ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच डोज सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी को सौंपी। 22 हजार 950 डोज लेकर टीम दो बजकर 46 मिनट पर बरेली से रवाना हुई। रामपुर होते हुए टीम पांच बजकर 20 मिनट पर मुरादाबाद पहुंची। वैक्सीन वैन के पहुंचने से पहले ही करीब पांच बजे कोल्ड चेन स्टोर पर सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा, एसीएमओ डॉ. जीएस मर्तोलिया, डॉ. डीके प्रेमी, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. योगेश पांडेय, चिकित्सा अधिकारी डॉ. एससी मिश्रा और यूएनडीपी हेमेंद्र भारद्वाज पहुंच गए थे। कोल्ड चेन स्टोर पर दो से आठ डिग्री के तापमान पर वैक्सीन को रखा जाएगा।
चकमा देने के लिए रखे गए थे दो खाली बॉक्स
टीम पर वैक्सीन को सुरक्षित मुरादाबाद लाने की जिम्मेदारी थी, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। बरेली से मुरादाबाद के बीच किसी भी अनहोनी से बचने के लिए अधिकारियों ने खास रणनीति बनाई थी। वैक्सीन की डोज को सुरक्षित रखने के लिए मुरादाबाद से चार बड़े बॉक्स ले जाए गए थे, लेकिन वैक्सीन को दो ही बॉक्स में रखा गया। वैन में पहले वैक्सीन वाले बॉक्स रखे गए थे, उसके बाद खाली बॉक्स रखे गए। बताया जाता है कि एक खास रणनीति के तहत ऐसा किया गया, ताकि, कोई अनहोनी हो तो वैक्सीन वाले बॉक्स सुरक्षित रहें।
विज्ञापन

ताले में बंद थी वैक्सीन
कोवीशील्ड वैक्सीन को सुरक्षित लाने के लिए वैन के गेट में ताला लगा दिया गया था। आगे वैक्सीन वैन चल रही थी, उसमें ड्राइवर के साथ एक पुलिसकर्मी था। इसके पीछे ही सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी की गाड़ी थी। उसमें भी पुलिसकर्मी मौजूद था। कोल्ड चेन स्टोर पर पहुंचने के बाद ताला खोलकर वैक्सीन निकाली गई। इसके बाद वैक्सीन सीधे स्टोर में रखे रेफ्रिजरेटरों में रखी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन के पहुुुंचने से लेकर रेफ्रिजरेटर में रखे जाने तक की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई।
स्टोर की निगरानी करेंगे पुलिसकर्मी
वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय में कोल्ड चेन स्टोर बनाया गया है। यहां पर रखे गए चार रेफ्रिजरेटर रूम पर ताला लगा दिया है। 24 घंटे निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए ही वैक्सीन रूम के बराबर वाले कमरे में व्यवस्था की है, ताकि हर समय सुरक्षा की जा सके।
आग से बचने के किए इंतजाम
कोल्ड चेन स्टोर के बाहर चिकित्सा विभाग ने आग से बचने के लिए इंतजाम किए हैं। यहां पर अग्निशमन यंत्र लगाने के अलावा चार बाल्टियों में बालू भी भरकर रखीं गईं हैं, ताकि आपात की स्थिति में आग पर नियंत्रण पाया जा सके।
यह टीम लाई उम्मीद की डोज
वैक्सीन की डोज लेने के लिए मुरादाबाद से पांच सदस्यी टीम गई थी। इसमें सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सौरभ कुमार, पुलिसकर्मी विकास कुमार, सोनू, वैक्सीन वैन के ड्राइवर करन सिंह, ड्राइवर कमल शामिल रहे।
19 मार्च को आया था पहला मामला
मुरादाबाद में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 19 मार्च 2020 को आया था। कोरोना संक्रमण काल में 301 दिन गुजर चुके हैं। संक्रमण के उतार-चढ़ाव के बीच पॉजिटिव केसों का मिलना अभी जारी है। जिले में बुधवार तक 11972 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 14 जनवरी 2021 को 301वें दिन वैक्सीन पहुंचने से महामारी पर नियंत्रण की उम्मीदों को बल मिला है।
छह केंद्रों पर छह सौ स्वास्थ्य कर्मियों का होगा टीकाकरण
बिलारी, ठाकुरद्वारा, महिला जिला अस्पताल, विवेकानंद अस्पताल, जिला अस्पताल पुरुष, टीएमयू अस्पताल में छह सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने की तैयारी है। प्रत्येक केंद्र पर सौ स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को बिलारी और ठाकुरद्वारा केंद्र पर वैक्सीन का वितरण किया जाएगा। अन्य केंद्रों पर वैक्सीन शनिवार सुबह में पहुंचाई जाएगी।
वर्जन...
काफी समय से मैं पल्स पोलियो और अन्य वैक्सीन को लेकर आता रहा हूं, इसलिए विभागीय अधिकारियों ने कोरोना वैक्सीन को लाने की जिम्मेदारी मुझे सौंपी थी। महामारी के समय यह डोज एक उम्मीद की किरण है। इसलिए पिछली वैक्सीन को लाने का अनुभव इस बार अलग था। मन में घबराहट के साथ उत्साह भी था कि हमारे यहां के स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण के बाद सुरक्षित हो सकेंगे। सकुशल वैक्सीन के डोज लाकर मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मैं अपनी जिम्मेदारी अच्छे तरीके से पूरी कर पाया।
करन सिंह, ड्राइवर, वैक्सीन वैन
गुरुवार सुबह जब बरेली के लिए वैक्सीन लेने जा रहे थे तो घबराहट हो रही थी, क्योंकि हमारे ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी। वहां से दो बजकर 46 मिनट पर वैक्सीन लेकर रवाना हुए थे। रास्ते में कहीं भी नहीं रुके थे। जैसे-जैसे मुरादाबाद के करीब आते जा रहे थे, मन का डर दूर हो रहा था। हमारा यही लक्ष्य था कि पूरी सुरक्षा के साथ वैक्सीन को मुरादाबाद पहुंचाएं।
सौरभ कुमार, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी
कुंदरकी, टाउनहॉल और साईं अस्पताल का पहले चरण के टीकाकरण के लिए चयन नहीं हुआ है। शनिवार को छह केंद्रों पर छह सौ स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। टीकाकरण के लिए सभी केंद्रों पर सैनिटाइजर के अलावा थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। साढ़े छह लाख से ज्यादा सिरिंज आ गईं हैं। लाभार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले वैक्सीनेशन को लाइव दिखाया जाएगा। पोर्टल पर एंट्री करने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है।
विज्ञापन

डॉ. एमसी गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें