ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा-सुरजननगर मार्ग की सड़क का चौड़ीकरण करने की पीडब्ल्यूडी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस सड़क को 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा।
यह सड़क पीडब्ल्यूडी के रिकॉर्ड में स्टेट हाईवे के रूप में दर्ज है। इस समय इस सड़क की चौड़ाई करीब छह मीटर है लेकिन बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। पीडब्ल्यूडी के जेई दौलत सिंह ने बताया कि स्टेट हाईवे की सड़क के चौड़ीकरण करने के लिए वन विभाग और विद्युत विभाग को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने इस मार्ग पर खड़े पेड़ों और विद्युत पोलो की गणना शुरू कर दी है। वही विभाग सड़क के चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव भी तैयार कर रहा है। जिसका एस्टीमेट बनाकर उसकी वित्तीय स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा जाएगा। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार में तेजी आएगी और वाहनों के संचालन में आसानी होगी। ठाकुरद्वारा-सुरजननगर मार्ग जनपद बिजनौर से जुड़ता है। इस मार्ग से होकर उत्तराखंड के हरिद्वार, देहरादून, बिजनौर, मेरठ और दिल्ली को भी बड़ी संख्या में वाहन जाते हैं।