ठाकुरद्वारा। काशीपुर मार्ग से नगर के भीतर से गांव फरीदनगर तक जाने वाली तीन किमी सड़क काफी जर्जर हालत में है। नतीजे में यहां से गुजरने वालों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वाहनों के हादसे का खतरा भी बना रहता है।
इस सड़क का निर्माण करीब 10 वर्ष पूर्व हुआ था। रखरखाव और मरम्मत के अभाव में यह सड़क खस्ता हालत में पहुंच गई। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। यह सड़क ढेला नदी तक जाती है और वहां बना अस्थायी पुल पार करके लोग उत्तराखंड के गुलरिया आदि गांवों तक जाने में इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। नगर में यह सड़क काशीपुर चुंगी से शुरू होती है। इस हिस्से में सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहता रहता है।
नगर निवासी ओमवती का कहना है कि आबादी से जुड़ी सड़क पर कई जगह गड्ढे और गंदे पानी की समस्या है। आवाजाही में काफी दिक्कत आती है।
फरीदनगर निवासी मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि गांव से सामान लाने-ले जाने के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। गड्ढों के कारण माल लाना-ले जाना दुश्वार हो गया है।
इसी तरह रईसउद्दीन ने सड़क की हालत से अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरा बताया। कहा कि इस रास्ते की बदहाली से छोटे से सफर में ही खासा वक्त लगता है।
मोइनुद्दीन ने सड़क की मरम्मत के साथ चौड़ाई भी बढ़ाने की भी मांग की।
पीडब्ल्यूडी के जेई आनंदपाल सिंह का कहना है कि अब यह सड़क विश्व बैंक अनुभाग की देखरेख में है। वहां से जल्द उचित कार्रवाई की उम्मीद है।