मुरादाबाद। मैनाठेर थानाक्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय एक किशोरी से उसके प्रेमी और उसके तीन दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी प्रेमी किशोरी को बहाने से जंगल ले गया था। पीड़ित की मां ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बेटी छह सितंबर की दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी। उसी दिन वह शाम को घर आई। घर आने पर उसकी हालत बिगड़ गई। पूछताछ करने पर उसने अपनी मां से बताया कि कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से उसके एक साल से प्रेम संबंध चल रहे थे। आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर आठ माह पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था और मोबाइल से वीडियो व फोटो बना लिए थे। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। छह सितंबर को आरोपी ने कॉल कर मिलने के लिए बुलाया था। रास्ते से आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गया। जंगल में उसके तीन साथी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद आरोपी गन्ने के खेत में ले गए थे। यहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि इस मामले की शिकायत मैनाठेर थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने मैनाठेर थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।