बिलासपुर (रामपुर)। मोबाइल पर पबजी खेलने से मना करने पर किशोर ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना उसकाअंतिम संस्कार कर दिया।
बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति मंडी में मुनीम का काम कर अपना परिवार चलाते हैं। उनका सबसे छोटे पुत्र ने इसी साल प्रथम श्रेणी में इंटर की परीक्षा पास की थी। परिजनों की माने तो वह मोबाइल सारा दिन पबजी खेलने में लगा रहता था। परिजनों के कई बार समझाने के बावजूद भी वह परिजनों की बात मानने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर रविवार की रात काम से लौटे पिता ने छात्र को डांट दिया और पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा। पिता की डांट से क्षुब्ध छात्र घर से बाहर चला गया और देर रात वापस लौटा। घर पहुंच कर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन भी जाग गए। छात्र की हालत नाजुक देखकर आनन-फानन निजी चिकित्सालय ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया तथा रोते बिलखते-परिजनों ने सोमवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।