मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि परिवार के लोगों ने किशोरी की हत्या की है। पुलिस मौके पर पहुंच गई और पोस्टमार्टम कराया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि किशोरी का मोहल्ले में रहने वाले युवक प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले किशोरी घर से प्रेमी के साथ चली गई थी। परिजनों ने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी लेकिन किशोरी वापस आ गई थी। शुक्रवार रात किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार के लोग शनिवार की सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक युवक ने सूचना दे दी कि उसकी हत्या की गई है।
कटघर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पूछताछ करने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि कई दिन से किशोरी की तबीयत खराब थी। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई थी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंफेक्शन से किशोरी की मौत की पुष्टि हुई।