मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि पति को नशा करने के लिए पैसे नहीं मिले तो उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मझोला के आजादनगर निवासी महिला ने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि चार साल पहले उसका निकाह ऊधमसिंह नगर के कुंडा थानाक्षेत्र निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे तंग करने लगे थे। आरोपी पति ने नशे के लिए हर माह मायके से 20 हजार रुपये लाने को कहा। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत ससुर, जेठ, जेठानी से की तो उन्होंने भी उसे ही बुरा भला कहा। आरोप है कि पति ने उसके मारपीट कर घर से निकाल दिया और तीन तलाक देकर संबंध खत्म कर लिया। मायके पहुंचकर पीड़ित ने आपबीती सुनाई। एसएसपी ने मझोला थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।