मुरादाबाद। अंतर जनपदीय अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। टूर्नामेंट का पहला मैच रामपुर और मुरादाबाद की टीमों के बीच हुआ। इसमें रामपुर ने मुरादाबाद को 11 रनों से शिकस्त दी।
आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान में खेले जा रहे टूर्नामेंट में रामपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम 45 ओवर में 173 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में मुरादाबाद की टीम 45 ओवर में 162 रन ही बना सकी। रामपुर के लिए कृष्णा सारस्वत ने सर्वाधिक 87 रनों की पारी नॉटआउट रहते हुए खेली। मुरादाबाद के लिए गेंदबाजी में निशांत यादव ने तीन विकेट चटकाए। बल्लेबाजी में मुरादाबाद के लिए अंश यादव ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। रामपुर के लिए गेंदबाजी में सौरभ ने तीन और आरुष सिंघल ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच कृष्णा सारस्वत को चुना गया। ऑबजर्वर के रूप में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के उबैद कमाल मौजूद रहे। अंपायर की भूमिका विवेकानंद मलिक और जितेंद्र सिंह ने निभाई, स्कोरर हरीश चौहान रहे। मैच के दौरान डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव और पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता, नितिन गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरूद्दीन सिद्दीकी, आईएफटीएम विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. वैभव त्रिवेदी, डॉ. कुशल पाल सिंह, प्रदीप टंडन, अमन लिट, रामपुर के क्रिकेट संयोजक आलम गीर खान आदि मौजूद रहे।