मुरादाबाद। कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नगर निगम की मैनाठेर स्थित गोशाला पहुंच कर और डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मूंढापांडे क्षेत्र के ग्राम नाजरपुर स्थित गोसंरक्षण केंद्र पहुंच कर गोपूजन किया। गोसेवा की और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने नगर निगम द्वारा मैनाठेर स्थित गोशाला पहुंच कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर वहां पहुंच कर वृहद कान्हा गोशाला में गोपूजन किया और गोवंशों की सेवा की। इस मौके पर उन्होंने गायों के संरक्षण और संवर्धन को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। साथ ही गायों की सेवा प्रबंधन के लिए आवश्यक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वहां पौधरोपण भी किया।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने नाजरपुर स्थित बृहद गोसंरक्षण केंद्र पहुंच कर गोपूजन किया। वहां संरक्षित 209 गोवंशों की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। बीडीओ को गोवंशों के लिए ग्राम समाज की भूमि और चारागाह की भूमि पर हरा चारा बोने के निर्देश दिए। इसके लिए एसडीएम सदर को सात दिन के भीतर भूमि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। डीएफओ को गोसंरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर वहां छाया के लिए हरे पेड़ लगाने के निर्देश दिए।
--