पिंजरे के अंदर परिवार और बाहर पंक्षी
- फोटो : AMAR UJALA
सोशल मीडिया पर विद्यार्थियों को सुझाव दे रहीं शिक्षिकाएं
क्रासर किसी ने कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताए तो किसी ने चित्र और संगीत के जरिये बयां किए देश के हालात
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के लिए देश में 21 दिन का लॉक डाउन है। इस लॉक डाउन के बीच सामने आईं भीड़ की तस्वीरें और भी डरावनी हैं। पुलिस प्रशासन हर संभव कोशिश कर रहा है कि लोग अपने घरों में ही रहें। कहीं निवेदन तो कहीं सख्ती से लॉक डाउन का पाठ पढ़ाया जा रहा है। अब मुरादाबाद की शिक्षिकाओं ने सोशल मीडिया के जरिये छात्र छात्राओं को घर में रहने और स्टडी करने का सुझाव दिया है। किसी शिक्षिका ने कोरोना वायरस के बचाव के तौर तरीके समझाएं तो किसी ने चित्र और संगीत के जरिये देश के हालात को बयां किया। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार टीडीआई सिटी कालोनी निवासी सुस्मिता श्रीवास्तव राजकीय उच्चतम माध्यमिक विद्यालय खदाना की प्रधानाचार्य हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर छात्र छात्राओं को सुझाव दिए हैं कि वह घर में रहें और स्टडी करें। वह किसी सवाल में उझले तो सीधे फोन पर सहायता ले सकते हैं। खुद और अपने परिवार के लोगों को समझाएं कि लॉक डाउन में बाहर नहीं जाना है। मझोला के बुद्धि विहार निवासी अलका राज राजकीय हाईस्कूल वीरपुर वरियार की प्रधानाचार्य हैं। उन्होंने छात्र छात्राओं के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने बताया कि चौदह अप्रैल तक लॉक डाउन रहेगा। इस दौरान अपने घरों में रहें और पठन पाठन में कोई दिक्कत आए तो कॉल व व्हाट्सएप के जरिये सुझाव लें। रचानत्मक कार्य के साथ साथ अपनी दिन चर्या में व्यायाम भी करें। मानसरोवर कालोनी निवासी नीरज सागर मंढापांडे ब्लाक के दौलारी गांव स्थित स्कूल में शिक्षिका हैं। नीरज सागर ने चित्र और संगीत के जरिये देश में आज के हालात को बयां किया। उन्होंने चित्र में एक पिंजरा बनाया है। जिसके अंदर परिवार और बाहर पंक्षी दिखाकर एक गीत के जरिये कोरोना वायरस की वजह से देश में उत्पंन हुए हालात को बयां किया है। साथ ही उन्होंने लॉक डाउन में सभी छात्र छात्राओं और अभिभावकों से घर में ही रहने को कहा है।