मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में सोमवार को हुई बैठक के दौरान गुरु जंभेश्वर विवि की शैक्षणिक गतिविधियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने विवि के संचालन के लिए पूर्णकालिक रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक और वित्त नियंत्रक तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण पद पर अतिरिक्त प्रभार की अनुमति नहीं दी जाएगी। लिपिक वर्ग की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू किया जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गुरु जंभेश्वर विवि की वेबसाइट https://www.gjum.ac.in और लोगो का विमोचन भी किया। साथ में दो और विवि की समीक्षा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विश्वविद्यालय को केवल शैक्षणिक परिसर न मानकर पीएम मोदी के उस विजन के विस्तार को समझा जाए जिसमें हर जिले के युवाओं को गुणवत्तापरक, रोजगारपरक और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य समाहित है।
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा को क्षेत्रीय असंतुलन से मुक्त करेगी बल्कि उसे अधिक समावेशी और न्याय संगत स्वरूप प्रदान करने की दिशा में भी निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने ने कुलपति को निर्देश दिया कि पहले चरण में प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन और कुलपति निवास का निर्माण हर हाल में समय से पूर्ण किया जाए और निर्माण सामग्री उच्च गुणवत्ता की हो। दूसरे चरण में छात्रावास और आवासीय भवनों के निर्माण को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्थलों पर कम से कम 500 श्रमिक लगाए जाएं ताकि कार्यों की गति बनाई रखी जाए।