मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए मुरादाबाद से खिलेंद्र सिंह को चुना गया है। खिलेंद्र वर्ष 2018 से प्राथमिक विद्यालय चंगेरी विकासखंड डिलारी में प्रधान अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनको यह सम्मान छात्र नामांकन बढ़ाने और विद्यार्थियों का जिला स्तर पर खेलों में प्रदर्शन के अलावा विद्यालय के सुंदरीकरण के लिए किए गए कार्यों की वजह से मिला है।
खिलेंद्र सिंह ने बताया कि जब उनकी नियुक्ति चंगेरी प्राथमिक विद्यालय में हुई थी तो छात्र नामांकन 43 था, लेकिन पढ़ने के लिए विद्यार्थी दो या तीन ही आते थे। गांव में 40 घर हैं और सभी परिवार संपन्न हैं। इसकी वजह से उन घरों के बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ने जाते हैं। इसको देखते हुए खिलेंद्र ने पड़ोस के गांवों में संपर्क किया। वहां से स्कूल की दूरी दो से ढाई किलोमीटर है। ऐसे में आवागमन की बड़ी समस्या थी। इसका समाधान करते हुए खिलेंद्र ने बच्चों को लाने ले जाने के लिए ऑटो रिक्शा लगवाए। खिलेंद्र के प्रयासों से अब छात्र नामांकन 130 हो गया है और नियमित रूप से उपस्थिति भी 90 फीसदी रहती है। विद्यालय में ड्रॉप आउट स्तर भी लगभग शून्य हो गया है।