मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में सोमवार दोपहर ईट से लदी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका की मौत हो गई। हादसे में प्रिंसिपल जख्मी हो गई। उनका निजी अस्पताल में उपचार करवाया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कांशीराम नगर में सैनी संस्थान के पास रहने वाली नीतू (22) बैंक कालोनी में स्थित रॉयल अकादमी में शिक्षिका थी। दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद नीतू और स्कूल प्रिंसिपल कामना के साथ स्कूटी पर बैठकर घर जा रही थी। रास्ते में बुद्धा पार्क के पास ईट से लदी ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। नीतू स्कूटी से नीच गिर गई और ट्रैक्टर ट्राली के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रिंसिपल चोटिल हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। एसएचओ मझोला रुपेंद्र गौड मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर चालक आस मोहम्मद निवासी डिडोली को हिरासत में लिया। जख्मी प्रिंसिपल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे की सूचना पर शिक्षिका के परिवार वाले मझोला थाने पहुंचे और उसके भाई मोहित हादसे के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एसएचओ मझोला ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की थी नीतू
मुरादाबाद। नीतू के परिवार में पिता राकेश कुमार, मां फूलन देवी, एक बहन ममता और दो भाई मोहित, अनिल हैं। चार भाई बहनों में नीतू तीसरे नंबर की थी। उनके बडे़ भाई अनिल आरपीएफ में कार्यरत हैं और हरियाणा के जगधारी में तैनात हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
नो एंट्री में धड़ल्ले से दौड़ रहे ट्रैक्टर
मुरादाबाद। सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्राली मुख्य वजह बन रहे हैं। शहर में नो एंट्री के वक्त भी ये धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। सोमवार को भी ईट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से शिक्षिका की मौत हो गई, जिसके बाद यातायात माह में पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की पोल भी खुल गई है।