मुरादाबाद। नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक शिक्षक ने शुक्रवार की सुबह स्कूल के बाहर पेट्रोल की बोतल हाथ में लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से शिक्षक को जमानत मिल गई।
नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव निवासी हेमंत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह रामगंगा विहार स्थित एमआईटी वर्ल्ड स्कूल में पीटीआई के पद तैनात थे। उन्हें 12 मई को बिना नोटिस दिए नौकरी से निकाल दिया गया जबकि एक माह पहले नोटिस देना चाहिए था। शिक्षक का कहना है कि इससे उनकी भावना आहत हुई हैं। शुक्रवार की करीब दस बजे शिक्षक हेमंत कुमार बोतल में पेट्रोल भरकर स्कूल के बाहर पहुंच गए।
उन्होंने आत्मदाह की धमकी दी। उनके हाथ में एक एक पोस्टर था जिस पर लिखा था कि प्रधानाचार्य और दो शिक्षिकाओं द्वारा मेरे साथ गलत व्यवहार किया गया है। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शिक्षक को थाने ले गई। शिक्षक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि शिक्षक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से शिक्षक को जमानत मिल गई।