बिलारी। नगर से अलग-अलग कॉलेज के एक शिक्षक और छात्र के लापता हो जाने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्र की मोबाइल के आधार पर मिल रही लोकेशन पर काम कर रही है। शिक्षक बिलारी के एक कॉलेज में तैनात है,जबकि छात्र चंदौसी के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है।
नगर के डाॅ. देवेंद्रपाल इंटर कॉलेज के शिक्षक प्रदीप कुमार (50) दस जनवरी की सुबह कॉलेज जाने को कहकर घर से निकले थे। जिनके रात तक वापस न लौटने पर अगले दिन ग्यारह जनवरी की दोपहर शिक्षक की बेटी अनन्या कुमारी ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। शिक्षक मूलरूप से बिजनौर जिले के थाना स्योहारा अंतर्गत बेरखेड़ा गांव के रहने वाले हैं। लगभग दस वर्ष से कॉलेज में शिक्षक हैं और नगर में ईदगाह रोड पर किराए के मकान में रह रहे हैं।
नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला निवासी समाजसेवी मुन्ना श्रोती उर्फ अशोक श्रोती का पौत्र उज्जवल श्रोती (19) ग्यारह जनवरी की दोपहर बाद से घर से निकलने के बाद लापता हो गया। स्वयं अशोक कुमार श्रोती ने शनिवार देर रात थाने पहुंचकर अपने पौत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई। उज्जवल श्रोती चंदौसी स्थित एसआईएमएस कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। उज्जवल के दादा और अन्य परिजन तथा बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग रविवार दोपहर थाना प्रभारी से मिले।
थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि उज्जवल के मोबाइल की लोकेशन लगातार ट्रेस की जा रही है। रविवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे जैसे ही उसका मोबाइल खुला तब उसकी लोकेशन मध्यप्रदेश के सतना में एक मंदिर के पास मिली। थाना प्रभारी के अनुसार लापता शिक्षक प्रदीप कुमार का मोबाइल लगातार बंद आ रहा है। शिक्षक और छात्र दोनों को तलाशने के लिए पुलिस सक्रियता से काम कर रही है।