बिलारी। अमन कमेटी की बैठक में पुलिस ने ताजिएदारों से सुझाव लेकर उनकी समस्याएं भी जानीं। इस दौरान सौहार्द के माहौल में निर्धारित रास्तों से ही ताजियों के जुलूस निकाले जाने की हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी ने थाना क्षेत्र में अलग अलग स्थानों में ताजियों और मेहंदी के जुलूस निकाले जाने को लेकर जानकारी ली। थाना प्रभारी ने यह भी पूछा कि जुलूस निकाले जाने के दौरान कहीं किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के मौके पर शासन और प्रशासन की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। कहीं भी निर्धारित से अधिक ऊंचाई और बड़े आकार के ताजिए न बनाए जाएं तथा ताजिए पूर्व निर्धारित मार्गों से होकर ही निकाले जाएं।
बैठक में कई ताजिएदारों ने बिलारी और सहसपुर के बीच कर्बला में विशेष सफाई कराए जाने की मांग उठाई। कई अन्य ग्रामों में ताजियों के जुलूस निकलने वाले रास्तों पर भी समय से पहले सफाई कराने को कहा गया। बैठक में विभिन्न ग्रामों से आए ताजिएदारों के अलावा बिलारी नगर से ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी रफी राजू, मौलाना हसन रजा, रशीद पन्ना अंसारी आदि ने भी अपने सुझाव रखे।