अगर आप सेवा या उत्पादन क्षेत्र में काम करना चाहते हैं तो तीन उद्योग केंद्र आपको बैंकों से 25 लाख तक का लोन दिला सकते हैं। इस लोन पर आपको 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिलेगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को लोन देने का प्रावधान है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के लिए 35 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र के लिए 25 प्रतिशत की सब्सिडी है।
पीएमईजीपी लोन में सेवा क्षेत्र के रोजगार के लिए 10 लाख और उत्पादन क्षेत्र के लिए 25 लाख रुपए मिलेंगे। लोन लेते समय सामान्य वर्ग के लोगों को 10 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लोगों को 5 प्रतिशत मार्जिन मनी लगानी होगी। आरक्षित वर्ग में एससी, ओबीसी, महिला, अल्पसंख्यक, विकलांग, भूतपूर्व सैनिक शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में शुरु कर सकते हैं रोजगार
पीएमईजीपी के अंतर्गत खनिज आधारित उद्योेग, वनाधिकारित उद्योग, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य उद्योग, रसायन आधारित उद्योग, इंजीरियरिंग व गैर परम्परागत ऊर्जा उद्योग, वस्त्रोद्योग, सेवा उद्योग के क्षेत्रों में रोजगार शुरू कर सकते हैं।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इस लोन के लिए खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड और जिला उद्योग केंद्रों से संपर्क कर अधिक जानकारी ले सकते हैं। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड में जाकर फार्म भरकर या ऑनलाइन इस लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं जिला उद्योग केंद्र में केवल ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
महानगर के 87 उद्योग इकाईयां गठित करने का मिला है टारगेट
पीएमईजीपी के तहत लोन देने के लिए जिला उद्योग केंद्र को 60 और खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड को 27 इकाईयां गठित करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत 87 लोगों को लोन दिया जाएगा। इसके अलावा आवेदन आने पर अधिक लोगों को भी इस लोन का लाभ मिलेगा।