ठाकुरद्वारा। नगर में स्योहारा मार्ग पर सोमवार को पूरे दिन चार किमी लंबा जाम लगा रहा। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। जाम का कारण मार्ग पर अतिक्रमण और डंपर व बड़े वाहन चलना बताया जा रहा है। ।
यह मार्ग दिल्ली जाने वाले कांठ-अमरोहा मार्ग से भी जुड़ा हुआ है। वहीं इस मार्ग से होकर हरिद्वार-देहरादून मेरठ का रास्ता भी जाता है। दुलारी ढकिया होकर मुरादाबाद का मार्ग भी यहीं से गुजरता है इससे इस मार्ग पर वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। सड़क के दोनों तरफ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहन मार्ग की सड़क में फंस जाते हैं। सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग काफी समय से की जा रही है लेकिन नगरपालिका पुलिस प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस बारे में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार कहते हैं कि नगर पालिका का कार्य अतिक्रमण हटाना है। उन्होंने कहा कि संबंध में कमालपुरी चौराहे, कदीर तिराहे और बाबू रामपाल द्वार पर ट्रैफिक पुलिस के बारे में अधिकारियों से बात करेंगे।