मुरादाबाद। आराम और सुकून के लिए बनाए गए शहर के पार्क अब खुद बीमार नजर आने लगे हैं। हालात यह हैं कि कई पार्कों में झूले टूट गए हैं तो कई जगह जर्जर बेंच अपनी उपेक्षा की कहानी खुद बयां कर रहे हैं। सबसे खराब स्थिति पार्कों की सफाई की व्यवस्था और लाइटों की है। कई पॉश कॉलोनियों के पार्कों में भी शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। अमर उजाला की पड़ताल में बृहस्पतिवार को यह तस्वीर साफ सामने आई कि पार्कों की देखरेख पर खास ध्यान नहीं दिया जा रहा है। न रखरखाव, न सफाई और न ही सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर ओपन जिम व अन्य उपकरण लगाए गए हैं लेकिन इनकी सुध नहीं ली जा रही है।
पड़ताल के दौरान सबसे खराब स्थिति जामा मस्जिद पार्क की देखने को मिली। शहर के 100 से अधिक पार्कों में सुंदरीकरण का कार्य पिछले डेढ़ वर्षों में कराया गया है लेकिन इस पार्क में किसी भी तरह का कोई कार्य नहीं कराया गया। पार्क में ओपन जिम के उपकरण तक नहीं लगाए गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्क में कभी भी सफाई नहीं कराई जाती है। पार्क में तीन हाईमास्ट लाइटें लगी हुई हैं लेकिन वह भी कभी नहीं जलती हैं। शाम होते ही पार्क में अंधेरा पसर जाता है और पार्क नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। पार्क में पौधारोपण भी नहीं कराया गया है। पूरे दिन छुट्टा पशुओं का भय बना रहता है। पार्क में कई जगह कूड़े का ढेर भी लगा हुआ है।
- गौतम बुद्ध पार्क में बेंच नदारद
कांशीराम नगर स्थित गौतम बुद्ध पार्क में कई बेंच नदारद हैं। यहां लगे ओपन जिम के उपकरण तो ठीक हैं लेकिन पार्क में गंदगी पसरी हुई है। शौचालय की स्थिति भी बद् से बद्तर है। यहां चार बेंच पूरी तरह से जर्जर हालत में मिलीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्क के गेट पर स्ट्रीट वेंडिंग जोन को विकसित कर दिया गया है। इससे पार्क के आसपास और भी गंदगी फैल रही है।
बैंक कॉलोनी का पार्क भी बद्हाल
मिलन विहार स्थित बैंक कॉलोनी मोड़ पर स्थित पार्क की भी स्थिति बेहद खराब नजर आई। यहां ओपन जिम के उपकरण जरूर लगाए गए हैं लेकिन पूरे पार्क में गंदगी का ढेर लगा हुआ है। कचरों की वजह से पार्क में सुकून के पल तलाशना भी मुश्किल नजर आया। पार्क के एक हिस्से में स्थानीय लोगों ने कपड़े तक सुखाने की व्यवस्था कर रखी है।
पीएसी के आसपास के पार्कों में भी टूटे झूले
पीएसी व पुलिस लाइन के आसपास के पार्कों के भी झूले टूटे हुए नजर आए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झूला टूटने व जर्जर होने की सूचना जेई को दी गई है लेकिन इसके बावजूद इन उपकरणों की मरम्मत नहीं कराई गई। इसी तरह मानसरोवर और लाइनपार क्षेत्र के पार्कों में भी टूटे हुए झूले नजर आए।
पार्कों में नहीं जल रही लाइटें
दीनदयालनगर फेज-1 और शिव मंदिर के पार्क में भी शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। यहां स्ट्रीट व सोलर लाइटें लगी हुई हैं लेकिन वह जलती नहीं हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दर्जनों बार लाइट न जलने की शिकायत निगम में की जा चुकी है लेकिन किसी भी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।