मुरादाबाद। शासन के निर्देश पर जिले में संचालित गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे का काम पूरा कर लिया है। जिसके मुताबिक जिले में 585 गैर मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित हो रहे पाए गए हैं। प्रशासन इसकी रिपोर्ट सोमवार को शासन को भेजेगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सभी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे का आदेश दिए हैं। जिसके क्रम में जिले भर में संचालित गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे कराया गया। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद तहसील क्षेत्र को दो भागों मुरादाबाद शहर और मुरादाबाद देहात में बांट कर सर्वे का काम किया गया। जिसमें मुरादाबाद ग्रामीण क्षेत्र में 175 और मुरादाबाद शहर क्षेत्र में 57 गैर मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित पाए गए। ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में 182, कांठ तहसील में 48 तथा बिलारी तहसील में 123 गैर मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित पाए गए। एडीएम (प्रशासन) ने बताया कि इन सभी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के संबंध में जो तथ्य और सूचनाएं शासन से मांगीं गई थीं, उन्हें पूर्ण कर लिया गया है। सोमवार को शासन के अवलोकनार्थ भेजा जाएगा।
--