तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नवागत विद्यार्थियों को विनम्रता, परोपकार और संवेदनशील बनने का आह्वान किया। कहा कि हमेशा मन में सेवा भाव रखकर ख्याति अर्जित करनी चाहिए, क्योंकि व्यक्ति की ख्याति और प्रतिष्ठा उसकी उम्र से लंबी होती है। प्रथम वर्ष के सभी विद्यार्थियों को एप्रिन पहनाए।
शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में 22 मेडिकल कालेज, दो कैंसर इंस्टीट्यूट और दो विवि सरकारी हैं, जिनमें प्रतिवर्ष साढ़े 26 सौ चिकित्सक तैयार होते हैं। निजी क्षेत्र में करीब 31 कालेज हैं। उनमें साढ़े 42 सौ एमबीबीएस की सीट हैं। परास्नातक की 970 सरकारी और 725 निजी क्षेत्र में हैं। डब्ल्यूएचओ के मानक ज्यादा हैं। समाज में चिकित्सकों की बड़ी कमी है। जिस अनुपात में आबादी बढ़ी है, उस अनुपात में सेवाओं का स्तर नहीं बढ़ा है।
उन्होंने लोगों से चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में आने का आह्वान किया। कहा कि गांवों में सीएचसी-पीएसची की हालात खराब है। डब्ल्यूएचओ के मानक के अनुसार पांच सौ की आबादी पर एक नर्स होनी चाहिए, लेकिन यहां साढ़े चार लाख की आबादी पर एक लाख 10 हजार नर्स प्रति वर्ष मिलती हैं। तीन लाख 40 हजार नर्स की कमी है।
उन्होंने कहा डिग्रियां सिर्फ डॉक्टर बनने के लिए नहीं, बल्कि समाज में अपना फर्ज पूरा करने के लिए है। कुलाधिपति सुरेश जैन ने कहा कि भावी चिकित्सकों के पास मुफ्त में सेवा करने का अच्छा मौका है। उन्होंने अभिभावकों से वायदा किया कि उन्होंने अपने बच्चे विवि को दिए हैं और अब विवि से बेहतर चिकित्सक बनकर निकलेंगे। अध्यक्ष राज्य बाल कल्याण संरक्षण आयोग डॉ. विशेष गुप्ता ने कहा कि चिकित्सकों को प्रदेश में कुपोषण की स्थिति को जानने की आवश्यकता है। उन्हें सरकार की योजनाओं के उद्देश्य को पूर्ण करने में सहयोगी बनना चाहिए।
एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं के अभाव में सेवा कार्य नहीं हो सकता है। कार्यक्रम से पहले सुरेश खन्ना ने मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, बालक-बालिका छात्रावास का भ्रमण किया। मरीजों को फलों का वितरण किया। इस दौरान ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, कुलपति आरके मुदगल, अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय पंत, मेडिकल कालेज के डीन डॉ. नजमुल हुदा, विधायक कांठ राजेश चुन्नू, मेयर विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा, महेंद्र गुप्ता, सदस्य गवर्निंग बॉडी अशोक मित्तल, सीमा अवस्थी आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यार्थियों ने अपनी सुरीली आवाज में सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति के गीत तेरी मिट्टी में मिल जावां, ए मेरे वतन के लोगों तुम खूब लगा लो नारा, ए वतन वतन मेरे आबाद रहे तू गानों से समां बांधा। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने मोमबत्ती जलाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।