मुरादाबाद। राज्यरानी, अमरनाथ, नईदिल्ली-न्यूजलपाईगुड़ी समेत कई सुपरफास्ट ट्रेनें रविवार को तीन घंटे तक लेट चलीं। हर दिन मालगाड़ियों की अधिकता व अन्य कारणों से यात्री ट्रेनों को रास्ते में खड़ा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि सुपर फास्ट ट्रेनें सुपर स्लो हो गई हैं।
इसके कारण रोजाना हजारों यात्री परेशान हो रहे हैं। रविवार को मुरादाबाद से गुजरने वाली 12 ट्रेनें डेढ़ घंटे से ज्यादा लेट चलीं। इसका एक कारण है कि मुरादाबाद मंडल की क्षमता हर दिन 100 मालगाड़ियां चलाने की है। जबकि हर दिन 200 से ज्यादा मालगाड़ियां मंडल से गुजर रही हैं। ऐसे में मुरादाबाद-सहारनपुर व मुरादाबाद-लखनऊ रेल लाइन बेहद व्यस्त हो गई है। इससे वारणसी, लखनऊ, देहरादून, अमृतसर जाने वाली यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
सैकड़ों की संख्या में यात्री डीआरएम मुरादाबाद को टैग कर ट्वीट कर रहे हैं। डीआरएम का ट्विटर हैंडल संचालित करने वाली टीम कारण बताती है कि रूट पर ट्रेनों की अधिकता के कारण यह हो रहा है। इसके अलावा कुछ रेलखंडों में विस्तार कार्य ब्लॉक भी इसका कारण हैं।
15 रुपये अतिरिक्त लगता है सुपरफास्ट चार्ज
सुपरफास्ट ट्रेनों में सफर करने के लिए यात्रियों को टिकट पर अतिरिक्त चार्ज देना पड़ा है। यह चार्ज 15 रुपये है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं तो रेलवे को यह चार्ज खत्म कर देना चाहिए। मुरादाबाद से श्रमजीवी, राज्यरानी, अमरनाथ, नई दिल्ली-न्यूजलपाईगुड़ी, सुहेलदेव, अकाल तख्त समेत कई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं।
रविवार को ये ट्रेनें रहीं लेट
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम कितना लेट
15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 5 घंटे
15211 जननायक एक्सप्रेस 2 घंटे 10 मिनट
13151 सियालदह एक्सप्रेस 1 घंटा
13258 जनसाधारण एक्सप्रेस 2 घंटे
12524 नई दिल्ली-न्यूजलपाईगुड़ी 1 घंटे 24 मिनट
15116 लोकनायक एक्सप्रेस 2 घंटे
04652 हमसफर एक्सप्रेस 1 घंटा 35 मिनट
22453 राज्यरानी एक्सप्रेस 1 घंटा
15272 सत्याग्रह एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट
12588 अमरनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे
मालगाड़ियों का संचालन यात्री ट्रेनों की देरी का मुख्य कारण नहीं है। दुर्घटनाएं, तकनीकी खामियों व विस्तार कार्य के चलते भी ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। हमारी टीम इसमें सुधार का पूरा प्रयास कर रही है।
- अजय नंदन, डीआरएम