एनआईए और एटीएस की टीम ने छापेमारी के दौरान बरामद किए थे हथियार और गोला बारूद
- फोटो : PTI
एनआईए और एटीएस की छापेमारी के दौरान हत्थे चढ़ा मुफ्ती सुहैल आईएसआईएस के आतंकियों से बम बनाने की ऑनलाइन ट्रेनिंग लेता था। इतना ही नहीं बम तैयार करना और सीखने के लिए कुछ वीडियो भी भेजी जाती थीं। सुहैल दो बम तैयार कर विस्फोट भी कर चुका था। इन विस्फोटों की उसने वीडियो भी बनाई थी जो एनआईए के अफसरों के हाथ सुहैल के मोबाइल से लगी हैं।
एनआईए ने सुहैल का लैपटॉप भी जब्त किया, जिस पर वह ऑनलाइन ट्रेनिंग लेता था। जो वीडियो एनआईए को मोबाइल से बरामद हुई है, उसमें वह खुद के तैयार किए बम फटने के बाद खुशी मनाता दिख रहा है।
बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), यूपी एटीएस और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर आईएस मॉड्यूल का पर्दाफाश कर दिया था। एनआईए ने अमरोहा के मोहल्ला मुल्लाना मुफ्ती सुहैल, पचदरा में इरशाद, और नौगांवा सादात के गांव सैदपुर इम्मा निवासी रईस और सईद के घर छापेमारी की।
एनआईए ने आईएस के एन मॉड्यूल के सरगना सुहैल को नगर के मोहल्ला मुल्लाना स्थित अपने पैतृक घर से गिरफ्तार किया था जबकि सैदपुर इम्मा निवासी सईद, रईस और मोहल्ला पचदरा निवासी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया था। छापेमारी में दौरान टीम ने सरगना सुहैल और रईस व सईद के घर में भारी मात्रा में असलाह और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।