मुरादाबाद। किसानों की समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से सुनें और उनका समय से निस्तारण करें। जिला गन्ना अधिकारी की जिम्मेदारी है कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता का गन्ना बीज उपलब्ध कराएं। यह निर्देश डीएम अनुज सिंह ने किसान दिवस पर आयोजित बैठक में दिए। किसान दिवस का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। डीएम ने मिल प्रबंधकों को समय पर गन्ना भुगतान करने के निर्देश भी दिए।
पूरे जिले से किसानों ने पहुंचकर जिलाधिकारी के सामने अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं। किसानों ने मूंढापांडे क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या बताई। इस पर डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। किसानों ने कहा कि मिलें गन्ना बीज अधिक मूल्य पर दे रही हैं। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता का गन्ना बीज दिलवाएं।
सभी चीनी मिल प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों को गन्ने का भुगतान निर्धारित समय पर करें। बेलवाड़ा शुगर मिल, बिलारी शुगर मिल व अगवानपुर शुगर मिल पर गन्ने का बकाया है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भुगतान शेड्यूल के मुताबिक किया जाए। गागन एवं करूला नदी में पानी नहीं छोड़े जाने पर एक्सईएन सिंचाई को विशेष प्रयास कर समस्या का निस्तारण करने के लिए कहा। बिलारी में अरिल नदी के पुलिया पर अधिक दुर्घटनाएं होने की समस्या के संबंध में लोक निर्माण विभाग को पुलिया पर रिफलेक्टर एवं ग्रिल लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल, एमडीए सचिव अंजुलता, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कंसल, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आदि मौजूद रहे।