ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के अधिवक्ताओं ने सोमवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय को ऑनलाइन करने और फ्रेंचाइजी मॉडल लागू करने के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। सब रजिस्टर कार्यालय में तालाबंदी का अपना विरोध और रोष व्यक्त किया। ठाकुरद्वारा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आबिद अली और महासचिव सतीश कुमार वत्सल, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामावतार शर्मा और महासचिव मोहम्मद आकिब के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विधि परामर्श परिसर से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। एसडीएम दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। फिर दोनों संगठनों ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित अपना ज्ञापन तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव को सौंपा। प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष सफदर रजा नकवी एवं चौधरी योगेंद्र सिंह, उमेश गुप्ता, मुजाहिद अली, प्रदीप कुमार खड़कवंशी, सौरभ गहलोत, अनुज सक्सेना, ओम कुमार, राजीव बिश्नोई, दिगपाल सिंह, खुर्शीद अली, जुल्फिकार अली, बृजेंद्र सिंह, रिजवान सैफी आदि शामिल रहे।
उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक एसोसिएशन की ठाकुरद्वारा शाखा ने फ्रेंचाइजी मॉडल और रजिस्ट्री विभाग को ऑनलाइन करने के विरोध में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि सरकार के निर्णय से लाखों परिवारों को भुखमरी का सामना करना पड़ेगा, इस निर्णय से निजी कंपनियां को अनुचित लाभ मिलेगा। तकनीकी अव्यवस्था और आम जनता को परेशानी होगी। ज्ञापन में नए आदेश को जन विरोधी और रोजगार विरोधी बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन देने वालों में दस्तावेज लेखक संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह पाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार त्यागी, महासचिव तुलाराम सिंह प्रजापति, अजय कुमार सक्सेना, बलवीर सिंह सैनी, भूरे सिंह सैनी, लताफत हुसैन आदि शामिल थे।