खाकीधारी आपस में ही भिड़कर अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए महकमे की किरकिरी करा रहे हैं। रविवार दोपहर असमोली थाने की मढ़न चौकी में प्रभारी दरोगा ने सिपाही के सीने पर रिवाल्वर तान दिया। दोनों में जमकर मारपीट भी हुई। मौके पर मौजूद सिपाहियों ने किसी तरह दोनों को अलग किया।
सिपाही चुनावी ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर अपने खिलाफ दर्ज मामले में बयान दर्ज कराने आया था। दरोगा और सिपाही ने एक दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। जिला पंचायत के प्रथम चरण के मतदान में नौ अक्तूबर को बिलारी कोतवाली में तैनात सिपाही रवि कुमार की ड्यूटी असमोली क्षेत्र में लगी थी।
ड्यूटी से गैरहाजिर होने पर डीएम के आदेश पर रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसकी विवेचना मढ़न चौकी इंचार्ज मनोज कुमार कर रहे हैं। सिपाही रवि दोपहर सवा बारह बजे बयान देने के लिए चौकी पहुंचा। उस समय चौकी इंचार्ज मनोज कुमार क्षेत्र में राउंड पर थे। कुछ ही देर में मनोज कुमार भी मढ़न चौकी पर पहुंच गए।
रवि कुमार से मनोज कुमार ने पूछा कि बयान देने के लिए कई बार फोन किया था तुम क्यों नहीं आए। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। नोकझोंक होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई औप दरोगा ने सिपाही रवि के सीने पर रिवाल्वर तान दी।
उधर, संभल के एसपी अतुल सक्सेना ने बताया कि हाथापाई नहीं सिर्फ नोकझोंक हुई है। डीअाईजी ओंकार सिंह ने कहा कि चौकी में सिपाही और दरोगा के बीच अगर मारपीट हुई है तो ये मामला गंभीर है। घटना की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।