मुरादाबाद। एक माह पहले सीओ को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में निलंबित दरोगा सचिन दयाल को मंगलवार को कार चोरी के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि दरोगा पुलिस लाइन के गणना मोहर्रिर की कार चोरी कर भाग रहा था। पाकबड़ा में कार एक डंपर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई तो दरोगा को पकड़ा गया। हादसे में दरोगा जख्मी हुआ है। उसके सिर, हाथ, पैर, चेहरे में भी चोटें आई हैं।
एचसीपी राम सिंह रावत पुलिस लाइन में गणना मोहर्रिर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उनकी कार पुलिस लाइन की पार्किंग में खड़ी थी। कार की चाभी कार्यालय में ही मेज पर रखी थी। वह कार्यालय से उठकर आरआई के पास गए तो सचिन दयाल ने चाभी चुराकर पुलिस लाइन से कार ले गया। दरोगा की इस हरकत पर नजर पड़ी तो वायरलेस सेट के जरिए वारदात की सूचना एचसीपी ने दी। वायरलेस पर सूचना मिलते ही जनपद में चेकिंग अभियान चलाया गया। कार पाकबड़ा क्षेत्र में एक डंपर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ ही दूरी पर चेकिंग कर रही पाकबड़ा पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। कार में जख्मी हालत में मिले दरोगा को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और कार को कब्जे में ले लिया गया। पाकबड़ा पुलिस ने हादसे में कार के क्षतिग्रस्त होने और दरोगा के जख्मी होने की सूचना कार मालिक राम सिंह रावत को दी। इसके बाद कार चोरी के आरोप में दरोगा के खिलाफ सिविल लाइन थाने में राम सिंह रावत ने तहरीर दी। पुलिस ने उपचार के बाद दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ से विवाद के कारण मुझे फंसाया: सचिन दयाल
मुरादाबाद। पुलिस हिरासत में सचिन दयाल ने मीडिया को बताया कि उस पर लगा चोरी का आरोप गलत है। सीओ से विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में है। जिस वजह से भूलवश अपनी कार की जगह वह गणना मोहर्रिर की कार लेकर पुलिस लाइन से निकल गया और हादसे में जख्मी हो गया। वह क्षतिग्रस्त कार को ठीक कराना चाहता था लेकिन सीओ से विवाद के कारण उनके करीबी एक सिपाही ने इस मामले में उसे चोरी के आरोप में फंसा दिया है।
यह है सीओ और दरोगा के बीच विवाद
मुरादाबाद। मूलरूप से मेरठ में रहने वाले दरोगा सचिन दयाल की कार की एक माह पहले सीओ देवेंद्र यादव की कार से टक्कर हो गई थी। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। दरोगा ने आरोप लगाया था कि सीओ ने उसे आपत्तिजनक शब्द कहे हैं लेकिन बाद में उसका ही एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह सीओ को गोली मारने की धमकी देता दिखाई दिया। इस वीडियो के वायरल होेने पर आईजी रमित शर्मा ने सचिन दयाल को निलंबित किया था।
‘दरोगा सचिन दयाल पर पुलिस लाइन के गणना मोहर्रिर की कार चोरी का आरोप है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला कार चोरी का ही है।
- अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी