मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी फेल हैं। पिछले चार दिन से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका देखने की सुविधा दे दी, लेकिन बीए, बीकॉम, बीएससी और बीए एलएलबी के विद्यार्थियों को अनुमति नहीं मिली है। जबकि बीए एलएलबी में भी विद्यार्थी चार और पांच पेपरों में फेल हुए हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार विधि संकाय एलएलबी (त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं के निरीक्षण के लिए महाविद्यालयों को विद्यार्थियों की सूची निर्धारित प्रारूप में आठ जुलाई तक उपलब्ध करानी है। आठ जुलाई को शाम पांच बजे के बाद मिलने वाली पत्रावलियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसमें कॉलेजों को अनुक्रमांक, विद्यार्थी का नाम, पिता का नाम, विषय प्रवेश पत्र संख्या, उपस्थित अभिभावक का नाम, पहचान पत्र का प्रकार व संख्या, मोबाइल नंबर आदि का विवरण देना है।
उत्तर पुस्तिकाओं को देखने की यह रहेंगी शर्तें
निरीक्षण का स्थल राजकीय डिग्री कॉलेज मथाना कांठ निर्धारित किया है।
विद्यार्थी के साथ माता-पिता में से किसी एक अभिभावक की उपस्थिति अनिवार्य है।
अभिभावक को शासन द्वारा मान्यता प्राप्त कोई पहचानपत्र प्रस्तुत करना होगा।
उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण संबंधित विषय के शिक्षकाें की उपस्थिति में कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
संपूर्ण निरीक्षण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।
यदि उत्तरपुस्तिका में टोटलिंग मिस्टेक अथवा कोई प्रश्न अनचेक्ड पाया जाता है तो इसे संबंधित शिक्षक के संज्ञान में लाया जा सकेगा।
प्रत्येक विद्यार्थी को प्रथम सेमेस्टर का मूल प्रवेशपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिसके आधार पर सत्यापन किया जाएगा।
परिणाम सभी पाठ्यक्रमों का खराब आया है। ऐसे में सिर्फ एलएलबी ही नहीं, बल्कि बीए, बीएससी, बीकॉम, एमएएसी, बीए एलएलबी के विद्यार्थियों को भी उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जानी चाहिए। समिति ने कुलसचिव से वार्ता की है और उनसे सोमवार को मुलाकात करने का समय मांगा है।
अशोक यादव, सचिव, स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन
एलएलबी के विद्यार्थियों के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ संबंधित महाविद्यालय के प्रबंधक को भी निरीक्षण स्थल पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय