पाकबड़ा(मुरादाबाद)। कॉलेज की फीस जमा करने के लिए बीएससी नर्सिंग के दो छात्र वाहन चोर बन गए। उन्होंने कॉलेज की पार्किंग से बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दोनों आरोपियों की पहचान हो गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनसे बाइक बरामद कर ली है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बाइक बेचने के बाद वे कॉलेज की फीस जमा करना चाहते थे।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के भाड़ली गांव निवासी फिरोज खान दिल्ली रोड स्थित टीएमयू में बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष के छात्र हैं। 21 अप्रैल को फिरोज बाइक से कॉलेज आए थे। उन्होंने पार्किंग में बाइक खड़ी कर दी थी। कॉलेज की छुट्टी के समय फिरोज पार्किंग पहुंचे तो बाइक गायब थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो फुटेज में दो युवक कॉलेज की ड्रेस में बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहे थे। फिरोज ने संस्थान के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। साथ ही पाकबड़ा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में माता वाली मिलक पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आ गए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम दीपेंद्र उर्फ शिवम निवासी बबराला थाना गुन्नौर जनपद संभल और प्रियांशु निवासी भोकनपुर थाना मिलक जनपद रामपुर बताए।
आरोपियों के पास से 21 अप्रैल को टीएमयू की पार्किंग से चोरी की बाइक बरामद हुई। आरोपियों ने बताया कि वे टीएमयू में बीएससी नर्सिंग के तृतीय वर्ष के छात्र हैं। उन्हें कॉलेज की फीस जमा करनी थी, लेकिन उनके पास पैसे नहीं हैं। इसलिए उन्होंने योजना बनाई थी कि बाइक चोरी कर उसे बेचने के बाद फीस जमा करेंगे। बुधवार शाम पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।