मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन परिसर में घूमने वाले चोरों की हिम्मत बढ़ती जा रही है। मंगलवार रात अनारक्षित टिकट काउंटर पर ट्रेन का टिकट खरीद रहे एक छात्र का मोबाइल किसी ने साफ कर दिया। जब तक छात्र को मोबाइल चोरी हो जाने का अहसास हुआ तब तक चोर भाग गया था। उत्तराखंड के काशीपुर निवासी आकाश एलएलबी का छात्रा है।
पढ़ाई के सिलसिले में छात्र आकाश बीते मंगलवार को इलाहबाद जाने के लिए काशीपुर से बस द्वारा मुरादाबाद पहुंचा था। रात लगभग 10 बजे आकाश रेलवे स्टेशन पर टिकट खिड़की पर नौचंदी एक्सप्रेस का जनरल टिकट खरीद रहा था। टिकट खरीदने के बाद छात्र ने मोबाइल निकालने के लिए अपनी जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब था।
उसने आसपास मोबाइल की काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिला। छात्र का कहना है कि उसनेे मोबाइल चोरी के मामले में जीआरपी को तहरीर दी है, लेकिन जीआरपी ने इससे इनकार किया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है मोबाइल चोरी के मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।