मुरादाबाद। पालीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए विद्यार्थियों को घर से पानी लेकर आना होगा। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए परिषद ने विद्यार्थियों को निर्देश दिए हैं। मुरादाबाद में दस केंद्रों पर 37 सौ विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जोनल अधिकारी ने बताया कि सुबह की पाली में आठ और शाम की पाली में दो केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
12 सितंबर को होने वाली परीक्षा में पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 और दूसरी पाली ढ़ाई बजे से साढ़े पांच बजे तक होगी। जोनल अधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि पहली पाली में ग्रुप ए की परीक्षा चित्रगुप्त इंटर कालेज, आरएन इंटर कालेज, मैथोडिस्ट इंटर कालेज, पारकर इंटर कालेज, हिंदू मॉडल इंटर कालेज, एसएस इंटर कालेज, जीजी हिंदू इंटर कालेज, आर्य कन्या इंटर कालेज में होगी और 2940 विद्यार्थी बैठेंगे। दूसरी पाली में ग्रुप ई फार्मेसी की परीक्षा मैथोडिस्ट इंटर कालेज और पारकर इंटर कालेज में होगी और 808 विद्यार्थी बैठेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए दो जोनल अधिकारी, प्रत्येक केंद्र पर जिला प्रशासन की ओर से स्टैटिक मजिस्ट्रेट, राजकीय पालीटेक्निक और राजकीय महिला पालीटेक्निक के शिक्षक प्रत्येक केंद्र पर केंद्र अधिकारी के रहेंगे। राजकीय पालीटेक्निक मुरादाबाद के प्रधानाचार्य तजम्मुल अफजाल जिला समन्वयक रहेंगे। केंद्रों को विसंक्रमित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सैनिटाइजेशन करने के लिए दो हजार रुपए का बजट दिया गया है। थर्मल स्कैनर, मास्क और ग्लव्स की व्यवस्था संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद लखनऊ ने की है। विद्यार्थियों को परीक्षा से करीब दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना है। केंद्र के पांच सौ मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी। विद्यार्थियों को अपने घर से पानी की बोतल, बॉल पेन, मास्क, पहचान पत्र, प्रवेश पत्र आदि लाना होगा।