कांठ। नगर में सड़कों पर अतिक्रमण और गंदगी करने वालों को नगर पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अनाउंसमेंट कराया है। साथ ही अपने सामान को स्वयं ही हटाने के लिए भी कहा है।
नगर पंचायत कांठ के अधिशासी अधिकारी रामेश्वर दयाल के निर्देश पर शुक्रवार की शाम नगर पंचायत के प्रचार वाहन से अनाउंसमेंट कराया गया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कोई भी सड़कों पर अतिक्रमण कर अव्यवस्था उत्पन्न न करें। साथ ही नगर को साफ और स्वच्छ बनाने में नगर पंचायत प्रशासन का सहयोग करें। सड़क किनारे वाहनों, ई-रिक्शा, ठेले आदि खड़े न किए जाने की अपील भी की गई। वहीं नगर पंचायत कर्मचारियों ने भ्रमण कर नगर के लोगों से कहा कि वह जगह-जगह कूड़ा डालकर गंदगी न करें। निर्धारित स्थानों पर ही कूड़े के कूड़ेदान और कूड़ा वाहन में ही डालें। बता दें कि कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा प्रकाश व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। वहीं मंदिरों के आसपास भी साफ-सफाई भी कराई जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम ने नगरवासियों से अपील की है कि नगर को साफ-सुधरा व सुंदर बनाने में वह नगर पंचायत प्रशासन का सहयोग करें।