पाकबड़ा। दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर पाकबड़ा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात करीब दो बजे टूरिस्ट बस के सामने अचानक आवारा पशु आ गया। जिससे बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराती हुई दूसरी ओर जा रहे ट्रक से जा कर टकरा गई। इस हादसे में
बस में सवार पांच यात्री और ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बताया जा रहा है कि टूरिस्ट बस रामपुर से दिल्ली जा रही थी। बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे बस पाकबड़ा में पेट्रोल पंप के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक आवारा पशु आ गया। बस चालक ने बचाने का प्रयास किया तो बस डिवाइडर से टकराकर दूसरी साइड में ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में आगरा निवासी सुधीर (38), तनिष्क निवासी हल्द्वानी (25), शिव खान निवासी रुद्रपुर उधम सिंह नगर (30) और सुंदर सिंह निवासी अनूपशहर बुलंदशहर (35) घायल हो गए। ट्रक में सवार क्लीनर प्रकाश (35) निवासी सैफनी जिला रामपुर भी घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवा दिया है।हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहन हाईवे से हटवाकर यातायात चालू करवाया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।