मुरादाबाद। अलीगढ़ में जहरीली शराब से हुईं मौतों के बाद मुरादाबाद के अफसरों ने छापे मारने शुरू कर दिए। जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन पुलिस चौकी से 265 कदम की दूरी पर बिक रही कच्ची शराब पर किसी का ध्यान नहीं है। अफसर पिछले तीन दिन में दो सौ से ज्यादा जगह कार्रवाई करने का दावा कर रहे हैं।
सोमवार दोपहर अमर उजाला टीम ने कच्ची शराब की बिक्री जानने की कोशिश की तो कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। फकीरपुरा पुलिस चौकी से मात्र 265 कदमों की दूरी पर एक घर में धड़ल्ले से कच्ची शराब बेची जा रही थी। यहां न खरीदने वालों को कोई डर था और न ही बेचने वालों को। इससे भी हैरानी की बात तो ये है कि शराब बेचने वाला लड़का नाबालिग है।
एक मकान से दूसरे मकान में खोल रखी है खिड़की
मुरादाबाद। फकीरपुरा स्थित जिस मकान में शराब बेचने का मामला कैमरे में कैद हुआ है। वो मकान तो खाली है। उसके बराबर वाले मकान में शराब रखी है। ग्राहक खाली मकान में पहुंचता तो इसी दौरान किशोर खिड़की खोलकर वहां से थैली में शराब पैक करके दे देता है। क्षेत्रीय लोगों और शराब खरीदने वाले लोगों का दावा है कि इसी तरह अन्य मकानों में भी शराब तस्कर और शराब बेचने वालों ने खिड़कियां खोल रखी हैं।
80 रुपये में बिक रहा मौत का सामान
मुरादाबाद। शराब बेचने वाले किशोर ने बताया कि एक बोतल अस्सी रुपये और आधी बोतल चालीस रुपये में मिलेगी। अगर यहां बैठकर शराब पीएंगे तो उसका चार्ज अलग से लगेगा। इसी दौरान एक अन्य ग्राहक घर में पहुंच गया। उसने पांच बोतल खरीदीं और साइकिल में रखे बैग में रखकर ले गया।
आसानी से मिल रहीं पुड़िया
मुरादाबाद। फकीरपुरा में पहुंचते ही जब एक युवक से शराब के ठिकाने की जानकारी मांगी तो उसने पहले तो कुछ देर के लिए मुंह बंद रखा। इसके बाद उसने बताया कि यहां तमाम घरों में शराब बेची जाती हैं। जहां आपको अच्छा लगे। वहां खरीद लो। इसके अलावा उसने ये भी बताया कि यहां पुड़िया भी मिलती हैं। वो कुछ घरों में ही मिलती है।
मकान के सामने रात में खड़ी रहती है यूपी 112
मुरादाबाद। समाज कल्याण विभाग कार्यालय के सामने ही एक मैदान है। इस मैदान की एक साइड मकान में शराब बेची जाती है। जबकि सामने ही रात में यूपी 112 की गाड़ी भी खड़ी रहती है।
जनपद में अन्य जगह भी बेची जा रही शराब
मुरादाबाद। सिविल लाइंस के फकीरपुरा ही नहीं जनपद के अन्य थानाक्षेत्र में भी शराब बेची जा रही है। कटघर, मूंढापांडे, भोजपुर, डिलारी और भगतपुर क्षेत्र में भी कच्ची शराब बेची जा रही है। कहीं कोई घटना हो जाती है तो पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें छापे मारने लगती हैं। सब कुछ शांत होने के बाद जिम्मेदार भी शांत हो जाते हैं।
कच्ची और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चल रहा है। टीमों का गठन किया गया हैं। कहीं भी अवैध और कच्ची शराब बेचने और खरदीने की शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जा रही है। इस मामले की भी जांच कराई जाएगी। शराब कहां बेची जा रही है।
कुलदीप मिश्रा, जिला आबकारी अधिकारी
कच्ची और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अगर कहीं पुलिस की लापरवाही और भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी तो जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी मुरादाबाद
मुरादाबाद में पकड़ा जा चुका तीस हजार लीटर अलकोहल
मुरादाबाद। इसी साल आठ फरवरी को सिविल लाइंस क्षेत्र में तीस हजार लीटर अलकोहल पुलिस और एसटीएफ ने पकड़ा था। इसी अलकोहल से शराब तैयार की जानी थी। इससे पहले भी आरोपी अलकोहल ला चुके थे। पुलिस ने उस वक्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।