मुरादाबाद। जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं। इसी उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार 15 जून 2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिसमें जिले का कोई भी स्वस्थ नागरिक अपनी इच्छा से रक्तदान कर सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है। दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, प्रसव के दौरान महिलाओं, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त जीवनदायी साबित होता है। एक यूनिट रक्त को विभिन्न घटकों में विभाजित कर कई मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा सकता है, जिससे एक रक्तदाता चार लोगों की जिंदगी बचाने में योगदान दे सकता है।
जिला अस्पताल की ब्लड बैंक इंचार्ज डॉक्टर शिल्पा अग्रवाल का कहना है कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि नियमित रक्तदान करने से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय होती है। इससे स्वास्थ्य की नियमित जांच का भी लाभ मिलता है और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संतोष भी प्राप्त होता है।
जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आपका छोटा सा प्रयास किसी परिवार की बड़ी उम्मीद बन सकता है। आइए, रक्तदान कर मानवता की इस मुहिम में सहभागी बनें और जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य को सफल बनाएं।