मुरादाबाद। सामान्य से लगभग डेढ़ गुना ज्यादा किराया होने के बावजूद स्पेशल ट्रेनें समय की पटरी से उतर गई हैं। आनंद विहार से लौकहा बाजार के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन रविवार को मुरादाबाद स्टेशन पर 25 घंटे लेट पहुंची। इस ट्रेन को यहां शनिवार की शाम सात बजे आना था। जबकि यह ट्रेन रविवार की देर शाम 7:35 बजे मुरादाबाद जंक्शन पर आई।
किराया महंगा होने के कारण एक तो पहले ही ट्रेन में बुकिंग कम थी। लेट होने के कारण कई यात्रियों ने टिकट रद्द करा लिए। गर्मी के सीजन में रेलवे ने लगातार कई समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ट्रैक की क्षमता सीमित होने के कारण ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं। लखनऊ-सहारनपुर वंदेभारत एक्सप्रेस भी रविवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर एक घंटे की देरी से पहुंची। रोजाना ट्रेनों के घंटों लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब 150 ट्रेनें गुजरती हैं। रेलवे ट्रैक की क्षमता सीमित होने के कारण ट्रेनें एक के पीछे एक चलती हैं और यात्रियों को देरी होती है। स्पेशल ट्रेनों की तुलना में रेलवे सामान्य ट्रेनों को समय से गंतव्य पर पहुंचाने को प्राथमिकता देता है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि कई ट्रेनें दूसरे मंडलों से लेट चल रही हैं। रैक समय से न पहुंचने के कारण कई बार स्पेशल ट्रेनें गंतव्य से लेट चलती हैं। मंडल में समय पालन में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रविवार को मुरादाबाद स्टेशन पर देरी से पहुंचीं यह ट्रेनें
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम कितनी लेट
04014 आनंदविहार-लौकहा बाजार स्पेशल एक्सप्रेस 25 घंटे
15726 आनंदविहार-न्यूजलपाइगुड़ी एक्सप्रेस 4:30 घंटे
13005 पंजाब मेल एक्सप्रेस 3 घंटे
22424 गोरखपुर जनसाधारण एक्सप्रेस 4:30 घंटे
04652 क्लोन एक्सप्रेस 5 घंटे
04651 क्लोन एक्सप्रेस 2:30 घंटे